Sunday, 29 July 2012

सिर्फ़ “प्यार” के नाम,,,


शादी के बाद सबकुछ बदल जाता है…दिन से लेकर रात और दिल के हर जज़्बात तक सबकुछ । पुरुषों के बारे में तो ज्यादा नही पता मगर महिलाएं तो अपनी हर भावना को बयां कर ही देती हैं…और बात अगर रोमांस और प्यार की हो तो कंजूसी का सवाल ही नही उठता,अगर सही वक्त पे सही साथी मिल जाए तो अरमानों की उडान ऊंची हो जाती है…शादी के बाद ‘पहले सावन’ की अनुभूतियों में वर्तमान और अतीत के मनोभावों को उजागर करती ये पोस्ट सिर्फ़ “प्यार” के नाम,,,एक अल्हड लडकी की कहानी मेरी जुबानी…।
अबकी बार सावन ढेर सारे अहसास लेकर आया है,उम्र सोलह की नही होने पर भी ये अहसास गुदगुदाते है और मैं बार-बार सिहरन को महसूस करती हूं। चाल में अजीब सी शोख़ी आ गयी है,बातों में अदा और आंखें हरपल मुस्कुराती रहतीं हैं। जाने क्या हो गया है बावरे मन को?
  अपने वजूद में हरपल किसी को महसूस करना बहुत ही रुमानी होता है और इस बारे में कहने के लिए सचमुच मेरे पास लफ़्ज़ नही है। ये कोई नई बात नही जो मैं कह रही हूं मगर ख़ुद महसूस करने से इसकी सच्चाई पर यकीन ज़रुर हो गया है। प्यार; सच्चा प्यार नसीब वालों को मिलता है और जिसे बार-बार मिले वो तो नसीबों का बादशाह होगा।दिल ये मानने को ही तैयार नही है मेरा,, कि सबकुछ फ़िर से हो रहा है जो पीछे छूट गया था…मगर माशा अल्लाह सबकुछ बहुत हसेएन हो रहा है॥
   पहले लगता था कि ये सब कोरी बकवास है,,क्या चांद में किसी का चेहरा नज़र आ सकता है? क्या हवाएं भी बातें कर सकती है? क्या अकेलापन भी कभी अच्छा लग सकता है? क्या बारिश की हर बूंद किसी के गीले बालों की याद दिला सकती हैं?? सब फ़िल्मी बातें हैं ;; कविताओं और कहानियों की निरी गप्प…… लेकिन नही, मैं ये सारे अहसास ख़ुद जी रही हूं । एक छोटी सी चीज़ में भी अपनापन ढूंढ लेती हूं आजकल । टीवी का कोई रोमांटिक सीन हो,,कोई प्यारा सा गाना हो,, मोबाईल का कोई टेक्स्ट मैसेज  हो,,कोई खास रंग हो,,कोई ख़ास वाकया हो;;;यहां तक कि बरबट्टी की सब्जी में भी किसी के होने का अहसास घुला मिला रहता है।
       कोई चीज़ खराब लगती ही नही;; हर कोई,हर बात, हर वक्त हसीन है। जागो तो किसी का ख़्याल और सो जाओ तो उसके सपने॥ और अब तो प्रेम का वह शिखर छूने का प्रयास है ,जहां बातों,मुलाकातों और रिश्तों की दरकार भी खत्म हो जाएगी। व्यस्तताओं के बीच बात ना होने पर भी स्वयं को ढांढस बंधा कर खुश रहने की कवायद, और दिल को एक मीठी सी तसल्ली कि…”उदास मत हो मेरी जान,वो तुझे याद कर रहा होगा”…जीवन में उजास भर रही है।
      मुझे लगता ही नही कि ये मैं हूं ॥ दुख, निराशा, अकेलापन इन सबसे उसने मुझे उबार लिया है। उसके जीवन भर में होने के अहसास से बाजुओं में ताकत महसूस होती है। वो मेरा आज है और आने वाला कल भी उसी से गुलज़ार है मैं जानती हूं।और प्यार की इतनी सारी स्मृतियां है अब तो मेरे पास, कि ज़िंदगी आराम से तो नही पर मगर आहें भर-भर के कट ही जाएगी॥
      जीवन में इससे अच्छा सावन मैनें नही देखा क्लास 8 के बाद से॥ नदी पर से गुजरती हूं तो तो छतरी लेकर तेज बारिश में पुल पर यूं ही घूमना याद आ जाता है। कोई खुद भीग कर अपनी छतरी दे दे,,इसे भी लोग फ़िल्मी कहेंगे; मगर मेरा तो यथार्थ है ये।  भीगे सर, तरबतर यूं ही बैठे रहना, गीली आंखों से छुप छुपकर एक-दूसरे का दीदार कि तीसरे को पता ना चले और वो गर्मागरम समोसा जो जवानी की  दहलीज़ पर पहले प्यार का पहला तोहफ़ा था!! और सबसे मज़ेदार होता था; सबकुछ जानकर भी अनजान बने रहना। ख़ैर इस सावन ने वो सारे भीगे,नर्म, हरे भरे अहसास फ़िर लौटा दिए।
      ये बीता हुआ हसीन कल और आज के खूबसूरत पल मुझसे कोई नही ले सकता,,आज दोनो ही मेरे पास है॥ 2 महीनों  में बरसात चली जाएगी पर नया मौसम नये अरमान, नई आस जगाएगा। अगले सावन जाने मैं कहां रहूंगी, सावन में भिगोने वाला कैसा रहेगा…मेरे पास रहेगा  या नही??? ये सब सोचने का वक्त नही मेरे पास क्योकि आज जो है उसी को समेटने की पुरजोर कोशिश में लगी हू ताकि अगले कई सावन इस सावन की याद में बीत जाए…


प्यार की रिमझिम से भीगे इस पोस्ट के साथ आपको सावन की हरियाली मुबारक!!!!!  

Friday, 30 March 2012

April Fool


आज  “फ़ूल डे” है। पहले ये दिन बहुत खास हुआ करता था। मैं नए-नए तरीकों से अपने परिचितों को “फ़ूल” बनाया करती थी,, पिछले ही साल अपने एक मित्र को ऐसा ‘बनाया’ था मैने कि उसकी जान पे बन आई थी और हमारी दोस्ती टूटने  की नौबत थी॥ उम्र बढ्ने के साथ- साथ ऐसी हरकतें बचपना कहलाती हैं ,और हम गंभीरता  का कृत्रिम आवरण ओढ लेते है। और आज इस दिवस का महत्व इसलिए भी कम हो गया है क्योंकि रोज ही लोग एक-दूसरे को “टोपी” पहना रहे है,दग़ा दे रहे हैं और मोबाईल ने तो लोगों के जीवन का आनंद ही छीन लिया है।बडे तो बडे है; मगर बच्चे भी टीवी, ट्यूशन और एक्सट्रा क्लास में व्यस्त है अतः ऐसे हास्य बोध के लिए किसी के पास समय नही है। इसका स्थान धड़ल्ले  से सुनाये और पढे जाने वाले द्विअर्थीय संवादों और चुटकियों ने ले लिया है।
      आधुनिक ओछी मानसिकता की पराकाष्ठा  ये है कि; लोग सच बोलने वाले को ‘हरिश्चंद्र’ और सज्जन को ‘गांधी’ कहते हैं,,गोया कि गाँधी और हरिश्चंद्र कोई गाली हो। अपने आस-पास के उन बुजुर्गों से पूछिए जो देश की स्वतंत्रता  के साक्षी है; कि गाँधी होने के क्या मायने है?  इसलिए जान लेना चाहिए कि महात्मा गांधी” मजबूरी का नाम” नही…ख़ैर आज से कॉन्वेंट स्कूलों के दरवाज़े पुन: खुल गये(बहुतों के 15 दिन पहले ही खुल गये होंगे) और ऐसा लगता है कि ‘गरमी की छुट्टियाँ ‘ कुछ सालों पश्चात केवल अतीत की बातें बनकर रह जाएंगी। पिज़्ज़ा कल्चर और कॉन्कॉर्ड की गति से भागती दुनिया ने बच्चों से बचपन  छीन लिया है। मैं और मेरे हम उम्र बहुत भाग्यशाली है कि हमें हमारा बचपन; मासूम बचपन नसीब हुआ।
                 15 अप्रैल तक हमारी छुट्टीयां शुरु हो जाती थी,जो लगभग 15 जुलाई तक; यानि कि पूरे 3 महीने चलती थीं । अर्थात उस समय पढाई और स्कूल की कोई भागमभाग नही थी, फ़िर भी सब कुछ भला सा था।छुट्टीयों में नानी के घर जाना और निश्चिंत होकर खेलना,,यही हमारा प्रिय शगल हुआ करता था । दोपहर भर लूडो, ताश, कैरम, पचीसा, कॉमिक बुक्स और शाम को लंगडी,पिट्टूल, परी-पत्थर और रात को छुपा-छुपाई ;;यही थी मेरी दिनचर्या । कितनी ऊर्जा होती थी उस समय हमारे पास और कितना वक्त भी !!आज के बच्चों के पास ये दोनो ही नही है। और इन सबसे भी यदि मुझे फ़ुरसत मिल जाती थी तो आम चुराना,,जेठ की भरी दोपहरी में साइकिल में फ़ॉर्म जाना,तितली पकडना; ये सब मेरे प्रिय काम हुआ करते थे ।
         हमारे माता-पिता भी आजकल के “केयरिंग” अभिभावकों की तरह नही होते थे॥ बच्चों को उनकी दुनियां में छोडकर माएं सुकून की सांस लिया करती थी और पिता हमारी गतिविधियों दृष्टि अवश्य रखते थे,,दख़ल नही ।इसका कतई ये अर्थ नही कि उनको हमसे प्यार नही था,, बस वो जीवन ही ऐसा सरल था कि बेवजह टोका-टाकी की ज़रुरत नही रहती थी । अब वो दिन बुलाने पर भी वापस  नही आएंगे, बस उनकी मीठी यादें हैं मेरे पास । परिपक्वता हमारा बहुत कुछ छीन लेती है, फ़िर भी हम जल्दी-जल्दी बडे होना चाहते है॥ बचपन में जो तितलियों के झुंड, फूलों की खुश्बू रोमांच देती थी; अब उनके सामने से गुज़र जाने पर भी मन में कोई भाव उत्पन्न नही होते । इतनी संवेदन हीनता इस परिपक्वता की ही देन है।
     हर व्यक्ति के अंतस में उसका बचपन छिपा होता है, जो कभी स्वयं के बच्चों या नाती-पोतों के सामने उजागर होता है और इसे जीवित रहना भई चाहिए, क्योकि इसकी मौन उपस्थिति से भी मनुष्य का चित्त प्रसन्न रहता है। और एक बार यदि मनुष्य बचपन को खो दे तो वह बचपना करने लगता है। “बचपन” और “बचपने” में बहुत अंतर होता है और यही अंतर व्यक्ति को ले डूबता है। मुझे दुख है इस पीढी और आनेवाली पीढी के लिये,, जो नही जानते कि उनके पास क्या नही है???